
गोवा सरकार ने सेवा पखवाड़ा अभियान में 62 करोड़ रुपये वित्तीय सहायता जारी की
धार / पणजी :मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान, 8वें राष्ट्रीय पोषण माह, सुमन शक्ति चैटबॉट, आदि कर्मयोगी अभियान और कई अन्य परिवर्तनकारी पहलों के शुभारंभ में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत ने बताया कि गोवा में भी सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया, जिसमें 62 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की गई, स्वयंपूर्ण सखियों की नियुक्ति की गई, 48 आजीविका वाहनों को मंजूरी दी गई, SVEP के तहत नई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया और साथ ही सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को समर्पित कई अन्य पहल की गईं। उन्होंने आगे बताया कि सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर – 2 अक्टूबर 2025) के तहत, गोवा सरकार सेवा की भावना से प्रेरित होकर, एक आत्मनिर्भर और स्वयंपूर्ण गोवा के दृष्टिकोण की ओर तेजी से बढ़ते हुए, जन कल्याण के लिए समर्पित कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितम्बर 2025 अपने जन्मदिन के अवसर पर मध्य प्रदेश के धार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ 17 सितम्बर – 2 अक्टूबर, 2025 और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह 17 सितंबर से 16 अक्टूबर, 2025 का शुभारंभ किया। यह अबतक के देश के सबसे बड़े स्वास्थ्य अभियानों में से एक है।
“हमारी माताएँ-बहनें, हमारी नारीशक्ति राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार हैं। हम सब देखते हैं, घर में अगर माँ ठीक रहती है, तो पूरा घर ठीक रहता है। अगर माँ बीमार हो जाए, तो परिवार की सारी व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। इसीलिए, ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ ये अभियान माताओं-बहनों को समर्पित है, उन्हीं के उज्ज्वल भविष्य के लिए है। हमारा मकसद है- एक भी महिला, जानकारी या संसाधनों के अभाव में गंभीर बीमारी का शिकार न हो। ऐसी बहुत सारी बीमारियाँ होती हैं, जो चुपचाप आती हैं, और पता न चलने के कारण धीरे-धीरे बहुत बड़ी बन जाती हैं, जीवन और मृत्यु का खेल शुरू हो जाता है। ऐसी बीमारियाँ, जिनका महिलाओं में सबसे ज्यादा खतरा है, ऐसी बीमारियों को शुरुआती दौर में ही, उसको पकड़ना बहुत जरूरी है। इसलिए इस अभियान के तहत बीपी हो, डायबिटीज हो, एनीमिया-टीबी हो, या कैंसर जैसी भयंकर बीमारी की संभावना हो, इन सबकी जांच की जाएगी। और मेरी माताओं-बहनों, देशभर की मेरी माताओं-बहनों, आपने मुझे हमेशा बहुत कुछ दिया है। आपके आशीर्वाद ही तो मेरा सबसे बड़ा रक्षा कवच है। देश की कोटि-कोटि माताएं-बहनें बढ़-चढ़कर के मुझ पर अपने आशीर्वाद देती रही है। लेकिन माताओं- बहनों, आज 17 सितंबर विश्वकर्मा जयंती पर मैं आपसे कुछ मांगने आया हूं, देशभर की माताओं- बहनों से मैं आज कुछ मांगने आया हूं। माताएं-बहनें जरा मुझे बताएं? आप मुझे देंगे कि नहीं देंगे? जरा हाथ ऊपर करके बताइए, वाह सबके हाथ ऊपर हो रहे हैं। मैं आपसे यही मांगता हूं कि आप संकोच किए बिना इन कैंप में जाकर के जांच जरुर करवाएं। एक बेटे के नाते, एक भाई के नाते, मैं आपसे इतना तो मांग सकता हूं ना? मेरा यही आपसे कहना है, इन स्वास्थ्य कैंपों में, इन सारी जाँचों के लिए कितनी ही महंगी क्यों न हो जांच, आपको एक नया पैसा नहीं देना पड़ेगा। कोई फीस नहीं होगी। जांच भी मुफ्त होगी, इतना ही नहीं, दवाई भी मुफ्त होगी। आपके उत्तम स्वास्थ्य से सरकारी तिजोरी की ज्यादा कीमत नहीं है, ये तिजोरी आपके लिए है, माताओं-बहनों के लिए है। और आगे के इलाज में आयुष्मान कार्ड का सुरक्षा कवच आपको बहुत काम आयेगा। ” प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन में उन्हें देश विदेश से अपार शुभकामनाएं मिली।
उन्होंने देश के महिलाओं से आह्वान किया और कहा -” मैं फिर से एक बार देशभर की माताओं, बहनों, बेटियों से आह्वान करूंगा, आप हमेशा अपने घर परिवार की चिंता में लगी रहती हैं। थोड़ा समय अपने स्वास्थ्य के लिए भी जरा निकालिए। आप ज्यादा से ज्यादा संख्या में इन कैंपों में जाइए, लाखों कैंप लगने वाले हैं। आज भी लाख एकाध कैंप के अंदर लोगों ने अपनी जांच करवाना ऑलरेडी शुरू कर दिया है। अपने क्षेत्र की बाकी महिलाओं को भी आप ये जानकारी जरूर पहुंचाइए।”
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.












