विजयादशमी पर गोवा में घुला कोलकाता का स्वाद, नोवोटेल पणजी की बंगाली थाली को मिली शानदार सराहना
नोवोटेल गोवा पणजी एक बार फिर गोवा में कोलकाता के प्रामाणिक स्वाद और बंगाल की उत्सवी परंपराओं को लेकर आया । पिछले वर्ष मेहमानों से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद इस वर्ष भी ‘कोलकाता कनेक्शन’ के तहत विशेष बंगाली भोज पेश किया गया। दुर्गा पूजा और विजयादशमी के अवसर पर सजी इस खास दावत में बंगाल के पारंपरिक व्यंजनों, सांस्कृतिक विरासत और उत्सव की आत्मा को गोवा तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

पणजी: मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के वध और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक विजयादशमी के अवसर पर नोवोटेल गोवा पणजी में बंगाली व्यंजनों की खास दावत ने त्योहार के उत्साह को और भी खास बना दिया। नौ दिनों की पूजा-अर्चना के बाद पेश की गई पूजो स्पेशल बंगाली थाली में बंगाल की समृद्ध पाक परंपरा और कोलकाता के प्रामाणिक स्वाद की झलक देखने को मिली।

लुची-छोलार दाल, शुक्तो, मटन कोशा, रोहू माछ, चिंगड़ी, मिष्टी दोई और रसगुल्ले जैसे पारंपरिक व्यंजनों ने मेहमानों को बंगाल के स्वाद से रूबरू कराया। इस विशेष पहल को न केवल बंगाली समुदाय, बल्कि स्थानीय गोवा निवासियों से भी शानदार प्रतिक्रिया मिली।

नोवोटेल गोवा पणजी के जनरल मैनेजर सुरजीत चटर्जी ने बताया कि ‘बंगाली होने के साथ-साथ पणजी की दुर्गा पूजा से जुड़े बंगाली समुदाय का सदस्य होने के नाते उन्होंने गोवा में बसे बंगाली परिवारों के लिए कुछ खास करने के बारे में सोचा। इसी विचार से पूजो स्पेशल बंगाली थाली की शुरुआत हुई।’
उन्होंने कहा, “मुझे पता चला कि गोवा में बड़ी संख्या में बंगाली समुदाय के लोग रहते हैं और यहीं बस गए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने पूजो स्पेशल बंगाली थाली पेश करने का निर्णय लिया, जिसे लोगों ने बेहद पसंद किया। हमें शानदार प्रतिक्रिया मिली। कई स्थानीय गोवा निवासी मेहमानों ने भी पहली बार बंगाली व्यंजनों का स्वाद चखा और उनके जायके से काफी प्रभावित हुए।”
सुरजीत चटर्जी के अनुसार, बंगाली व्यंजनों की विविधता और उनके प्रामाणिक स्वाद को बनाए रखना इस पहल का मुख्य उद्देश्य था। इसके लिए कोलकाता से आवश्यक सामग्री मंगाई गई और पारंपरिक स्वाद तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए वहां से शेफ भी बुलाया गया।

मेहमानों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया से खुश होकर उन्होंने कहा कि इस विशेष बंगाली थाली को आगे भी जारी रखा जाएगा।
इस तरह, विजयादशमी का उत्सव नोवोटेल पणजी में भक्ति, परंपरा और खानपान के अनूठे संगम के रूप में सामने आया, जहां बंगाल की सांस्कृतिक विरासत ने गोवा के आतिथ्य के साथ मिलकर मेहमानों को एक यादगार अनुभव दिया।
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.














