गोवा का नाम किया विदेशी मंच पर रौशन

कोलंबो : भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने और महिलाओं को सशक्त बनाने के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए पूजा सक्सेना को श्रीलंका में आयोजित प्रतिष्ठित ‘SHE – For the Nation’ सीजन-2 कार्यक्रम में विशेष सम्मान से नवाजा गया। Anyelp Group द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में उन्हें ‘Cultural & Women Empowerment Leader’ के सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उनके दूरदर्शी नेतृत्व, महिला सशक्तीकरण तथा सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया। पूजा सक्सेना लंबे समय से महिलाओं को आगे बढ़ाने, सकारात्मक सामाजिक बदलाव को प्रोत्साहित करने और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को व्यापक मंच तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें भारत, श्रीलंका, ब्रिटेन, अमेरिका, मलेशिया, बांग्लादेश और मालदीव सहित कई देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर पूजा सक्सेना ने भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिससे यह सम्मान उनके लिए और भी महत्वपूर्ण बन गया।
करीब दो महीने पहले पूजा सक्सेना को ‘Indian Culture Exchange’ की ब्रांड एंबेसडर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। इस जिम्मेदारी का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, विरासत, परंपराओं और विविधता को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आगे ले जाना है। श्रीलंका में उनकी भागीदारी को इसी अभियान की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
पूजा सक्सेना का कहना है कि ऐसे मंचों के माध्यम से भारत और दुनिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के साथ महिलाओं को प्रेरित और सशक्त बनाने का प्रयास जारी रहेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को उनके परिवार और चित्रगुप्त परिवार ने गौरव का क्षण बताते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.













