एसटी आरक्षण को लेकर केंद्र से जल्द आएगी अधिसूचना

एसटी आरक्षण को लेकर केंद्र से जल्द आएगी अधिसूचना

पणजी : गोवा में एसटी समुदाय को विधानसभा में राजनीतिक आरक्षण मिलने की उम्मीद अब और मजबूत हो गई है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के मुताबिक, केंद्र की ओर से एसटी आरक्षण को लेकर अगले दो दिनों में अधिसूचना जारी की जा सकती है। इसके बाद वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एसटी समुदाय के लिए सीट आरक्षित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अमित शाह के साथ हुई बैठक में आरक्षण के अलावा गोवा से जुड़े कई विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। शाह ने आरक्षण के मामले में सकारात्मक रुख दिखाया और प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अमित शाह को गोवा आने का निमंत्रण भी दिया। इसके अनुसार शाह 6 और 7 सितंबर को गोवा दौरे पर रहेंगे। 6 सितंबर की शाम कदंब पठार स्थित भाजपा कार्यालय की नई इमारत का उद्घाटन उनके हाथों होगा। अगले दिन पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों की बैठक में वे शामिल होंगे। इसमें गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के साथ दमन और दीव से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। शाम को गोवा पुलिस के कार्यक्रम में भी शाह हिस्सा लेंगे।

इसी बीच पर्वरी उड़ानपुल का उद्घाटन भी सितंबर में होने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के अनुसार केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी की सुविधा के अनुसार 9 या 10 सितंबर की तारीख तय की जाएगी। सरकार की कोशिश है कि गणेश चतुर्थी से पहले इसका उद्घाटन हो जाए।

एसटी आरक्षण को लेकर समुदाय में लंबे समय से मांग चल रही है। राज्य सरकार की ओर से इस मुद्दे को केंद्र के सामने लगातार उठाया गया है। अब केंद्र की अधिसूचना जारी होने के बाद आगे की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू होगी।

Goa Samachar
Author: Goa Samachar

GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

EDC

और पढ़ें

Majhe Ghar