
रोशनी वेर्णेकर
मार्शेल : गोवा के ऐतिहासिक श्री देवकी कृष्ण मंदिर परिसर में पारंपरिक मिट्टी-उत्सव ‘चिखल कालो 2026’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत द्वारा धूमधाम से किया गया। गोवा पर्यटन विभाग और GTDC के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपद नाइक, पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे, राज्यसभा सांसद सदानंद शेट तनावड़े, विधायक केदार जे. नाइक, गोविंद गावड़े, पर्यटन सचिव संदीप जैक्स, पर्यटन निदेशक केदार नाइक, GTDC के प्रबंध निदेशक कुलदीप अरोलकर और विशेष आमंत्रित सदस्य दामोदर नाइक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘एकादशी तीर्थ’ परियोजना की घोषणा की, जिसके तहत गोवा के प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार कर उन्हें ‘दक्षिण काशी’ के रूप में विकसित किया जाएगा और वरिष्ठ नागरिकों को इस तीर्थ यात्रा में 50 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ सावंत ने कहा कि यह उत्सव सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जो सभी भेदभावों को मिटाकर लोगों को मिट्टी और प्रकृति से जोड़ता है। उन्होंने इस पारंपरिक पर्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का संकल्प जताया। अपने भाषण में उन्होंने पिछले 12 वर्षों में निर्मित अटल सेतु, जुआरी ब्रिज जैसे बुनियादी विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गांवों के धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ राज्य के सामाजिक सौहार्द और यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को देश के लिए एक आदर्श मॉडल मानती है।
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.












