
पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन, नम आँखों से लोंगो ने अपने प्रिय नेता को दी अंतिम बिदाई

पोंडा : पूर्व मुख्यमंत्री और आजीवन कैबिनेट दर्जा प्राप्त वरिष्ठ नेता प्रतापसिंह राणे आज अपने पुराने सहयोगी, दो बार के मुख्यमंत्री रहे रवि नाइक को अंतिम श्रद्धांजलि देने पोंडा स्थित उनके आवास पर पहुंचे।
वहाँ पहुंचकर जब राणे की नज़र रवि नाइक के पार्थिव शरीर पर पड़ी, तो वे कुछ पलों के लिए बिल्कुल स्तब्ध रह गए। 86 वर्ष की उम्र में भी उनका चेहरा गहरी भावनाओं से भरा था — मानो वे कई अधूरी बातें कहना चाह रहे हों, लेकिन अब शब्दों का कोई अर्थ नहीं रहा था। उनका मित्र, उनका साथी अब शांत निद्रा में सो चुका था।
मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत इस पूरे समय उनके साथ खड़े थे। प्रतापसिंह राणे ने भारी मन से रवि नाइक के कॉफिन पर माला अर्पित की, और कुछ क्षणों तक उन्हें निहारते रहे, जैसे समय वहीं ठहर गया हो।
वहाँ उपस्थित सभी लोगों की आँखें नम हो उठीं। माहौल पहले से ही शोकमय था, लेकिन राणे की यह मौन विदाई, अपने पुराने राजनीतिक साथी के प्रति अंतिम सम्मान, हर किसी के दिल को छू गई। ऐसा लग रहा था मानो राणे अब भी उन्हें जाने नहीं देना चाहते, जैसे किसी अपने को खो देने का दर्द भीतर तक उतर गया हो।
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री रवि नाइक का 15 ऑक्टूबर रात हृदयाघात से निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए नाइक को गोवा की राजनीति का एक ऐसा दिग्गज बताया, जिनकी दशकों की समर्पित सेवा ने राज्य के शासन पर अमिट छाप छोड़ी है।
पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के निधन पर गोवा में शोक की लहर दौर गयी। नेताओं और नागरिकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री रवि नाइक के निधन से पूरे राज्य में गहरा शोक व्याप्त हो गया। देशभर से राजनीतिक हस्तियों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रवि नाइक “एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित जनसेवक थे, जिन्होंने गोवा के विकास में अहम भूमिका निभाई।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि रवि नाइक का “किसानों के कल्याण और समाज सेवा के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।”
मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने उन्हें नमन करते हुए कहा, “गोवा के विकास और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।”
विपक्ष के नेता यूरी आलेमाओ ने रवि नाइक को “एक दूरदर्शी नेता बताया, जिनके विकास कार्यों ने गोवा की दिशा बदल दी।”
गोवा फॉरवर्ड पार्टी के नेता विजय सरदेसाई ने उन्हें “गोवा के राजनीतिक जीवन की ऊँची शख्सियत” कहा और विशेष रूप से भंडारी, बहुजन और वंचित समुदायों के उत्थान में उनके कार्यों को रेखांकित किया।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया।
रवि नाइक के पार्थिव शरीर को पोंडा स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहाँ भारी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। बाद में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
डॉ सावंत सरकार ने तीन दिनों की राजकीय शोक की घोषणा की है। गोवा सरकार ने कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के निधन पर 15 से 17 अक्टूबर, 2025 तक तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है। आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, “सम्मान स्वरूप, उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा जहाँ इसे नियमित रूप से फहराया जाता है। शोक की अवधि के दौरान कोई भी आधिकारिक मनोरंजन या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएँगे।”राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के दुखद निधन के बाद सम्मान स्वरूप सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।


Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.