नई दिल्ली : “मैं अब से कुछ ही घंटे पहले ही फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा से लौटा हूं। जी-7 में विकसित देशों के दिग्गज नेताओं से मिला हूं। दुनिया आज, भारत की युवा शक्ति की चर्चा कर रही है। भारत की टैलेंट, स्किल और पोटेंशियल की चर्चा सब जगह हो रही है। दुनिया भारत के युवाओं की क्षमता को भलीभाँति पहचानने लगी है। और ऐेसे समय में, हमारी कोशिश है कि भारत का हर युवा अपनी क्षमता को अवसर में बदल सके, और इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का आरंभ हुआ। यह रोजगार योजना सामान्य तौर पर सोचे जानी वाली रोजगार योजना से बहुत आगे बढ़कर, पहली नौकरी पाने वाली युवा के सपनों को शक्ति देने वाली योजना है। ये युवा और उद्योगों के बीच एक मजबूत सेतू बनाने वाली योजना है।”-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत रोजगार योजना के तहत प्रोत्साहन राशि वितरित करते हुए अपने सम्बोधन में ये बात कही |
उन्होंने कहा ,”प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के सहयोग से अब तक करीब 70 लाख जॉब सृजित हुई हैं। करीब 70 लाख, first time employees को Social Security का कवच भी मिला है। करीब 20 लाख युवा अपनी पहली नौकरी के छह महीने पूरे भी कर चुके हैं। और आज इन्हीं में से करीब 10 लाख युवा साथियों को अपनी पहली नौकरी में छह महीना पूरा करने पर, इस योजना के तहत उसके लाभार्थी होने के नाते इंसेंटिव भी मिल चुका है। दो हजार करोड़ रूपये से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंची है। ये राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं है, ये उनके परिश्रम का सम्मान है। ये उनके उज्ज्वल भविष्य पर देश के विश्वास की अभिव्यक्ति है।”
प्रधानमंत्री ने उन संस्थानों का भी अभिनन्दन किया जिन्होंने युवाओं को ये नौकरी दिए |
भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। इसलिए विकसित भारत का रास्ता भी, युवाओं के सपनों, उनके कौशल और उनके सामर्थ्य से होकर ही आगे जाता है। हमारा प्रयास है कि देश का हर युवा अपनी क्षमता के अनुसार जितना आगे बढ़ सकता है बढ़े। जिसके पास हुनर है, उसे अवसर मिले। जिसके पास आइडिया है, उसे इनोवेशन के लिए मंच मिले। और जो अपने दम पर कुछ करना चाहता है, उसे पूरा सहयोग मिले। मेरा स्पष्ट मानना है, भारत जैसे युवा देश में अवसरों के स्रोत जितने अधिक होंगे, युवाओं के सपनों को उतनी ही अधिक उड़ान मिलेगी। इसी सोच के साथ बीते 12 वर्षों में रोजगार के हर रास्ते को मजबूत किया गया है। Infrastructure से लेकर Innovation तक, Manufacturing से लेकर Digital Economy तक, स्पेस से लेकर Start-ups तक, हर क्षेत्र में नए अवसर तैयार किए गए हैं। मेक इन इंडिया अभियान, वोकल फॉर लोकल, लोकल को ग्लोबल ले जाने का अभियान, मिशन मैन्यूफैक्चरिंग, ये सभी योजनाएं देश में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बना रही हैं। आज गाड़ियों से लेकर मेट्रो कोच, ट्रेन के डिब्बे और डिफेंस के साजो सामान तक, अनेक सेक्टर में निर्यात तेज़ी से बढ़ रहा है, एक्सपोर्ट बढ़ रहा है। ये तभी हो पा रहा है, क्योंकि भारत में मैन्यूफैक्चरिंग बढ़ रहा है, फैक्ट्रियां बढ़ रही हैं। और इनमें काम करने वालों की संख्या भी बढ़ रही है।- उन्होंने कहा |
उन्होंने जानकारी दी -मुद्रा योजना के तहत 33 लाख करोड़ रूपये से अधिक की सहायता ने करोड़ों-करोड़ युवाओं को अपना काम शुरू करने का अवसर दिया है। 10 करोड़ से अधिक महिलाएं Self Help Groups से जुड़ी हैं और 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी पहलों ने छोटे उद्यमियों, रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को नई टेक्नोलॉजी दी है, नई आर्थिक सहायता दी है और नई ताकत से भर दिया है। मैं अभी जिन नौजवानों से बात कर रहा था, उसमें एक नौजवान आईटीआई से निकलकर के ड्रोन बनाने में लगे हैं तो बड़े उमंग से बता रहे थे वो, मैं भी आपको ड्रोन सेक्टर का ही एक उदाहरण दूंगा। ‘
उन्होंने बताया कि Startup Ecosystem में भी तेजी आई | एक समय देश में लगभग 500 Startups हुआ करते थे। आज 2 लाख से अधिक रजिस्टर्ड स्टार्टअप्स , और वो भी देश के हर जिले में आपको स्टार्टअप्स है । ये आंकड़े विश्वास देते हैं कि भारत का युवा, आने वाले वर्षों में, दुनिया की Growth, Innovation और Entrepreneurship का नेतृत्व करेगा।’
दुनिया भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो रही है। और भारत भविष्य की अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने की तैयारी कर रहा है। दुनिया Future Technologies की ओर आगे बढ़ रही है। और भारत अपने युवाओं को Future Ready बनाने में जुटा है। और यही भारत के युवाओं के लिए सबसे बड़ा अवसर है। और हमें इस अवसर का पूरा लाभ उठाना है।
‘हमारी नारीशक्ति भी आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही है। इसलिए महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और अधिक अवसरों वाला वातावरण तैयार किया जा रहा है। Night Shift से जुड़े पुराने प्रतिबंधों में बदलाव हो, Work From Home की सुविधा हो, या सुरक्षित कार्यस्थल की व्यवस्था, हम महिलाओं की भागीदारी को और अधिक मजबूत कर रहे हैं।’- प्रधानमंत्री ने कहा |
मुझे भारत की उद्यमिता पर भरोसा है, इसी भरोसे के साथ एक बार फिर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं, और विकसित भारत 2047, जब देश आजादी के 100 साल मनाएगा, हिन्दुस्तान विकसित होकर रहेगा। ये हम सबका सपना भी है, हम सबका संकल्प भी है। और मैं मानता हूं दोस्तों मेरे नौजवान साथी हम अपनी आंखों से खुद देखेंगे, विकसित भारत खुद देखेंगे।
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.












