
पणजी : गोवा की धरती पर पहली बार आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद गोवा 2026 का दो दिवसीय भव्य आयोजन 24 मई 2026 को गरिमामय समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। यह युवा-केंद्रित राष्ट्रीय आयोजन देशभर के युवाओं के लिए लोकतंत्र, संविधान, सार्वजनिक नीति-निर्माण (Public Policy Making), नेतृत्व विकास (Capacity Development) तथा राष्ट्र निर्माण पर विचार-विमर्श का एक प्रभावशाली मंच बनकर उभरा।
दो दिवसीय इस आयोजन में देश के 16 राज्यों से लगभग 300 युवा प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। विभिन्न संसदीय समितियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों पर सार्थक बहस, नीति संबंधी सुझाव तथा लोकतांत्रिक विमर्श प्रस्तुत किए। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में संसदीय परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों, उत्तरदायी नेतृत्व और लोकतांत्रिक सहभागिता के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह केरल के राज्यपाल महामहिम राजेंद्र आर्लेकर तथा गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर गोवा सरकार के मंत्री सुभाष फल देसाई एवं विधायक गोविंद गौड़े, शिक्षाविद श्रीमति पल्लवी डेंपो सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने उद्घाटन संबोधन में राजेंद्र आर्लेकर ने लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि राजनीति में प्रवेश करने वाले जनप्रतिनिधियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित किए जाने पर गंभीर राष्ट्रीय स्तर पर विचार होना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं में गुणवत्तापूर्ण नेतृत्व को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने युवाओं से संविधान की भावना को समझते हुए जिम्मेदार एवं नैतिक नेतृत्व विकसित करने का आह्वान किया।

गोवा के राज्यपाल महामहिम अशोक गजपति राजू ने राष्ट्रीय युवा संसद की अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने का एक उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने देशभर से आए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह अनुभव उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

इस अवसर पर गोवा सरकार के वरिष्ठ मंत्री एवं कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक गोविंद गौड़े ने कहा कि “भारत का युवा ही देश का भविष्य है और ऐसे राष्ट्रीय मंच युवाओं को नेतृत्व, अनुशासन, संवैधानिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। गोवा के लिए यह गर्व का विषय है कि पहली बार राष्ट्रीय युवा संसद जैसे प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करने का अवसर मिला। ऐसे कार्यक्रम न केवल युवाओं के व्यक्तित्व विकास में सहायक हैं, बल्कि विभिन्न राज्यों के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और लोकतांत्रिक संवाद को भी सशक्त बनाते हैं।”
समापन समारोह में महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नरवेकर एवं गोवा विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. गणेश गांवकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि वास्को (गोवा) के लोकप्रिय विधायक श्री कृष्णा दाजी सालकर विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए।
अपने संबोधन में राहुल नरवेकर ने कहा, “भारत का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवाओं को सही दिशा, अवसर और नेतृत्व का मंच मिले तो वे देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।” उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
गोवा विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. गणेश गांवकर ने कहा, “युवा संसद जैसे मंच विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवैधानिक समझ और लोकतांत्रिक सोच का विकास करते हैं। आज के युवाओं को राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रभावी माध्यम के रूप में देखना चाहिए।”
विशिष्ट अतिथि वास्को विधायक कृष्णा दाजी सालकर ने कहा कि “गोवा की धरती पर राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का सफल आयोजन राज्य के लिए गौरव का विषय है। देशभर से आए युवाओं का उत्साह यह दर्शाता है कि भारत का भविष्य सक्षम, जागरूक और मजबूत हाथों में है।”

राष्ट्रीय युवा संसद गोवा 2026 के संस्थापक अधिवक्ता अभिनव नारायण झा ने कहा, “युवा केवल बदलाव की बात नहीं करते, बल्कि बदलाव लाने की क्षमता भी रखते हैं। हमारा उद्देश्य ऐसा राष्ट्रीय मंच तैयार करना है, जहाँ युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अपने विचार, सुझाव और नीति संबंधी दृष्टिकोण देश के सामने प्रभावी रूप से रख सकें। जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति होंगे।”
कार्यक्रम के सह-संस्थापक आर्यन शर्मा ने अपने प्रभावी प्रबंधन, समन्वय और युवा नेतृत्व क्षमता से आयोजन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनके नेतृत्व में पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ, जिसकी प्रतिभागियों एवं अतिथियों ने सराहना की।
राष्ट्रीय युवा संसद गोवा 2026 केवल एक संसदीय सिमुलेशन नहीं था, बल्कि यह युवाओं के क्षमता विकास (Capacity Development), नेतृत्व निर्माण (Leadership Development), सार्वजनिक नीति-निर्माण (Policy Making), संवैधानिक मूल्यों, संवाद कौशल, निर्णय क्षमता एवं लोकतांत्रिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने वाला एक राष्ट्रीय मंच सिद्ध हुआ। इस आयोजन ने युवाओं को वास्तविक संसदीय कार्यप्रणाली को समझने, तर्कपूर्ण विमर्श करने और राष्ट्रहित में नीतिगत सोच विकसित करने का अवसर प्रदान किया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं यादगार बना दिया।
गोवा में पहली बार आयोजित इस राष्ट्रीय युवा संसद ने यह सिद्ध किया कि भारत का युवा केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान का जागरूक नीति-निर्माता, उत्तरदायी लोकतांत्रिक भागीदार और राष्ट्र निर्माण का सशक्त सहयोगी है। यह आयोजन लोकतांत्रिक भारत के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल के रूप में स्थापित हुआ।
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.














