पणजी : गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खोंते ने कहा कि बदलते पर्यटन रुझानों और लगातार बढ़ती पर्यटकों की संख्या के कारण अब गोवा में “ऑफ-सीज़न” की अवधारणा धीरे-धीरे समाप्त होती जा रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई चुनौतियाँ मौजूद हैं, जिनमें विमानन क्षेत्र को प्रभावित करने वाले भू-राजनीतिक तनाव भी शामिल हैं, फिर भी गोवा आने वाले पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है।
मानसून पर्यटन सीज़न से पहले आयोजित हितधारकों की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए खौंटे ने बताया कि घरेलू और विदेशी दोनों पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। उनके अनुसार, यह गोवा की बढ़ती लोकप्रियता और एक पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में उसकी मजबूत पहचान को दर्शाता है।

गोवा युवा यात्रियों की ख़ास पसंद है और यह बदलती पसंद भी पर्यटन उद्योग को नई दिशा दे रही है। खासतौर पर मानसून पर्यटन, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और अनुभव आधारित यात्रा ने गोवा को पूरे वर्ष आकर्षण का केंद्र बनाए रखा है।
पर्यटन मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को और अधिक संगठित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए एक “सिंगल-विंडो MICE ब्यूरो” स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्ज़िबिशन से जुड़े आयोजनों को बढ़ावा मिलेगा।
खौंटे ने कहा, “दुनिया में चाहे कितनी भी चुनौतियाँ क्यों न हों, गोवा में पर्यटकों का आना लगातार जारी है। अब यहाँ ‘ऑफ-सीज़न’ जैसी स्थिति नहीं रह गई है।”
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.













