2027 गोवा विधानसभा चुनाव का बिगुल: भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भरी हुंकार

नितिन नबीन के गोवा दौरे से भाजपा चुनावी मोड में, कार्यकर्ताओं में जोश
दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बीजेपी के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में 2027 की रणनीति शुरू

2027 गोवा विधानसभा चुनाव का बिगुल: भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भरी हुंकार

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदभार संभालने के बाद 30 जनवरी 2026 को राज्य की अपनी पहली दो दिवसीय यात्रा पर गोवा पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान, नवीन ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया।

2027 गोवा विधानसभा चुनाव का बिगुल: भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भरी हुंकार
तालेगांव: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 31 जनवरी 2026 को गोवा के ओल्ड गोवा स्थित कदंबा पठार में निर्माणाधीन नए भाजपा कार्यालय की कंस्ट्रक्शन साइट का निरीक्षण किया तथा पणजी में मनोहर पर्रिकर एवं भाऊसाहेब बांदोडकर के स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गोवा के पणजी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। नितिन नवीन ने विकास, सुशासन और संगठन की मजबूती को लेकर व्यापक दृष्टिकोण रखा। उन्होंने गोवा के विकास यात्रा, भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी 2027 के चुनावों को लेकर स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सशक्त करने, विकसित गोवा और विकसित भारत के संकल्प को जन जन तक पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे परिवर्तनकारी कार्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर गोवा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष दामोदर जी. नाइक, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नायक, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, गोवा सरकार के मंत्री विश्वजीत राणे और मॉविन गोडिन्हो, राज्यसभा सांसद सदानंद सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
नितिन नवीन ने कहा कि गोवा के दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुझे इस पवित्र भूमि को उन वरिष्ठ पुरोधाओं को याद करने का अवसर प्राप्त किया, जिन्होंने इस राज्य की स्थापना से लेकर इसके विकास के मार्ग पर अग्रणी भूमिका निभाई। आज गोवा आत्मनिर्भरता से लेकर सतत विकास, सुरक्षा और प्रेरणा का स्रोत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में गोवा के विकास को नया आयाम देने के लिए सभी को मिलकर इस राज्य के विकास के साथ-साथ संगठन के काम को भी मजबूत करना होगा। यह की यह बैठक सबसे महत्वपूर्ण है, इसका कारण यह है कि इस बैठक में वह संगठनकर्ता मौजूद हैं, जिनके बल पर भाजपा का यह विशाल वृक्ष खड़ा हुआ है। यह व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि भाजपा का बूथ अध्यक्ष है, जिसके बल पर पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। भाजपा की असली ताकत यही बूथ पर काम करने वाले, बूथ को संजोने वाले सदस्य हैं और तभी भाजपा का काम और विस्तार संभव होता है।
नितिन नवीन ने कहा कि आज गोवा में यदि प्रति व्यक्ति आय की बात करें, तो 2014 में यह ₹1,12,000 थी, जो 2023-24 तक ₹3.5 लाख प्रति व्यक्ति हो गई है। यह सीधे गोवा के विकास की कहानी को दर्शाता है। जो लोग पूछते हैं कि गोवा में क्या हुआ, उन्हें यह सटीक जानकारी जनता तक पहुंचानी होगी। आज गोवा में एक नहीं, बल्कि दो एयरपोर्ट हैं, एक्सप्रेस-वे और नेशनल हाइवै की सड़कें तेजी से बन रही हैं, नए-नए फ्लाईओवर बन चुके हैं। यह सब बदलते गोवा की तस्वीर दिखाता है। मैंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से पूछा कि यह विकास कैसे संभव हुआ? तो उन्होंने बताया कि चाहे इंफ्रास्ट्रक्चर हो, स्वास्थ्य सेवा हो, विद्युतीकरण हो या टूरिज्म, जो गोवा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इन सभी क्षेत्रों को लगातार आगे बढ़ाया गया। इन चारों आयामों ने निश्चित रूप से गोवा के विकास की वास्तविक कहानी को जनता के सामने पेश किया है।
तळेगाव कम्युनिटी हॉल में उन्होंने कहा कि हमारे नेतृत्वकर्ता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी हमेशा कहते हैं कि जब बूथ मजबूत होगा, तभी भाजपा मजबूत होती है और जब भाजपा मजबूत होती है, तब राष्ट्र और गोवा राज्य भी मजबूत होते हैं। 2012 में भाजपा की सरकार बनने के बाद से अब तक 14 वर्षों का यह सफर लगातार आगे बढ़ रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर पर्रिकर जी से लेकर मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत तक, सभी नेताओं ने विकास और प्रत्येक व्यक्ति के उत्थान के लिए काम किया है।’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में ‘म्हाजे घर’ योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना ने गोवा के हर व्यक्ति को स्वावलंबी बनाने का अवसर प्रदान किया है, क्योंकि किसी भी व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण चीज उसका अपना घर होता है। इस आवश्यकता की चिंता भाजपा और एनडीए की सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के साथ मिलकर की, जिसके लिए वे सभी बधाई के पात्र हैं। भाजपा की इस डबल इंजन वाली सरकार को और गति देने की जरूरत है। पिछले 14 वर्षों में जिस प्रकार भाजपा ने गोवा को मजबूत किया और राज्य के विकास को आगे बढ़ाया, वही प्रयास अब 2037 तक विकसित गोवा बनाने के लिए जरूरी है, ताकि 2047 में भारत के विकसित होने से पहले गोवा भी एक विकसित राज्य बन सके। गोवा ने पर्यटन, साक्षरता और विद्युतीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, साथ ही विदेशी मुद्रा अर्जन के अवसर भी बढ़ाए हैं, जो निवेशकों के लिए बड़ी संभावनाएं दिखाते हैं। इसलिए सभी को विकसित गोवा बनाने के संकल्प के लिए एकजुट होकर मेहनत करने की आवश्यकता है।

नवीन ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ‘इतिहास को भी याद रखना आवश्यक है, क्योंकि कुछ नेताओं के काले कारनामों के कारण, जिन्होंने गोवा के विकास को रोक रखा था, राज्य अपने स्वतंत्रता प्राप्ति के इतने वर्षों बाद भी विकास की पटरी पर पूरी तरह नहीं आया था। केंद्र ने केवल इंफ्रास्ट्रक्चर में ₹33,000 करोड़ का काम किया है, लेकिन याद रखना चाहिए कि यहां पहले कांग्रेस की सरकार थी, जिसने केवल खनन में ₹35,000 करोड़ का घोटाला किया था।’
नितिन नवीन ने कहा कि आज इस बैठक के माध्यम से मैं अपने संगठन के कार्यकर्ताओं से विशेष आग्रह करने आए हैं, 2027 के चुनाव नजदीक हैं और हर क्षेत्र में सक्रियता आवश्यक है। चाहे वह नॉर्थ वेस्ट में पेडने हो, नॉर्थ ईस्ट में वाल्पोई हो, साउथ वेस्ट में कनाकोना हो या साउथ ईस्ट में सांगुएम हो। प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है कि वह एक-एक घर तक पहुंचकर भाजपा को मजबूत बनाने में योगदान दे। बूथ से लेकर ब्लॉक तक, मंडल से लेकर प्रदेश तक संगठन के कामों को दृढ़ता से आगे बढ़ाना होगा। कार्य प्रणाली साइलोज में नहीं, बल्कि एक सिंक के साथ, सभी मिलकर एकजुट होकर आगे बढ़ने की होनी चाहिए, और इसी मंत्र के साथ संगठन आगे बढ़ेगा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमें 2027 के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना है। गोवा का वोट हमेशा शुभ साबित हुआ है। 2012 में गोवा ने सरकार बनाई, 2014 में लाल किले पर भगवा लहरा, गोवा में 2017 के चुनाव में जीत के बाद 2019 में दिल्ली में भगवा लहरा, 2022 में गोवा में कमल खिलाया और 2024 में हमारी सरकार बनी। इसलिए, 2029 में यदि हम आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, तो 2027 में गोवा में एनडीए का कमल खिलाना होगा और एक विकसित गोवा बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।

Goa Samachar
Author: Goa Samachar

GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Digital Griot

और पढ़ें