
विधानसभा की शीतकालीन सत्र की अभिभाषण में विकास और जनकल्याण पर दिया जोर

पोरवोरिम : गोवा के राज्यपाल पुसपति अशोक गजपति राजू ने राज्य विधान सभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन अपने अभिभाषण में कहा कि वास्तविक प्रगति का आकलन केवल आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे से नहीं, बल्कि नागरिकों की खुशी और समग्र कल्याण से होना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि गोवा नागरिकों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, संस्कृति और सामुदायिक जीवन के आधार पर उनकी भलाई को परखने के लिए देश का पहला ‘हैप्पीनेस इंडेक्स’ तैयार करेगा।
राज्यपाल के अभिभाषण के प्रमुख बिंदु:
पेरनेम में 93.14 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित न्यू मोपा आयुष सिटी को खेल और वेलनेस सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। नवंबर 2025 तक ₹1,410.87 करोड़ की लागत की 59 बुनियादी ढांचा परियोजनाएं पूरी की गईं, जबकि ₹1,002.48 करोड़ की 15 परियोजनाएं प्रगति पर हैं। वर्ष 2025–26 में गोवा निवेश प्रोत्साहन बोर्ड ने ₹397 करोड़ की 17 परियोजनाओं को मंजूरी दी, जिससे 2,449 रोजगार सृजित हुए। साथ ही ₹2,544 करोड़ की तीन मेगा परियोजनाओं से 1,767 नौकरियों की प्रतिबद्धता मिली। 12 लौह अयस्क खनन ब्लॉकों की नीलामी की गई, जिनमें से पांच चालू हैं, जिससे राज्य को ₹252.83 करोड़ की अग्रिम आय प्राप्त हुई। चपोरा नदी से जल शोधन संयंत्रों को वैकल्पिक कच्चा जल उपलब्ध कराने की ₹350 करोड़ की परियोजना क्रियान्वयन के करीब है।
CZMP 2011 को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि CZMP 2019 का मसौदा एक माह के भीतर जन परामर्श के लिए रखा जाएगा, जिससे तटीय समुदायों को लाभ होगा। 2023–24 में गोवा की अर्थव्यवस्था की विकास दर 14.94 प्रतिशत (अनंतिम) रही और राज्य का लक्ष्य 2037 तक विकसित राज्य बनना है। संस्थागत प्रसव 99.7 प्रतिशत, शिशु मृत्यु दर 1,000 जीवित जन्मों पर 5.6, मातृ मृत्यु चार और पूर्ण टीकाकरण कवरेज 108 प्रतिशत दर्ज की गई। कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है और अपराधों की जांच दर 87.72 प्रतिशत रही। जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं ने 7,111 कॉल्स पर कार्रवाई कर 140 मानव जीवन, 690 पशु जीवन और ₹29.54 करोड़ की संपत्ति बचाई।
राज्य में महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा -आजीविका योजनाओं के तहत 46,000 महिलाओं से जुड़े 3,200 से अधिक स्वयं सहायता समूहों ने ₹380 करोड़ का ऋण लिया, जिससे 4,387 ‘लखपति दीदी’ बनीं।
डिजिटल इंडिया भाषिणी मिशन के अंतर्गत कोंकणी भाषा प्रौद्योगिकी को सशक्त करने के लिए गोवा ने AI4Bharat, IIT मद्रास के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। WDC–PMKSY 2.0 के तहत ₹55.95 करोड़ की लागत से पांच वाटरशेड परियोजनाएं स्वीकृत की गईं, जिससे 19,985 हेक्टेयर क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने शिरगांव में लैराई देवी जात्रा भगदड़, अर्पोरा अग्निकांड और सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.












