गोवा स्थित FLY91 ने दुबई एयरोस्पेस एंटरप्राइज से दो ATR 72-600 विमान लीज पर लिए; डाबोलिम में भी अपनी उपस्थिति का किया विस्तार

गोवा स्थित FLY91 ने दुबई एयरोस्पेस एंटरप्राइज से दो ATR 72-600 विमान लीज पर लिए; डाबोलिम में भी अपनी उपस्थिति का किया विस्तारपणजी :गोवा मुख्यालय वाली शुद्ध क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 ने अपनी सेवाओं के विस्तार और क्षेत्रीय संपर्क को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दुबई एयरोस्पेस एंटरप्राइज (DAE) से दो ATR 72-600 टर्बोप्रॉप विमान लीज पर लेने की घोषणा की है। DAE संयुक्त अरब अमीरात स्थित एक वैश्विक विमानन सेवा प्रदाता कंपनी है।
ये दोनों अत्याधुनिक और नए विमान फ्रांस के टूलूज़ स्थित ATR के निर्माण संयंत्र से इसी माह के अंत तक डिलीवरी के लिए निर्धारित हैं। विमानों के बेड़े में शामिल होने के बाद FLY91 अपनी मौजूदा उड़ानों की क्षमता बढ़ाएगी, उड़ानों की संख्या में वृद्धि करेगी और गोवा में अपने परिचालन का विस्तार डाबोलिम एयरपोर्ट तक करेगी। इसके साथ ही एयरलाइन कर्नाटक के हुबली, आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और राजमुंदरी तथा महाराष्ट्र के नांदेड़ जैसे शहरों के लिए भी अपनी सेवाएं शुरू करेगी। गोवा मुख्यालय वाली यह क्षेत्रीय एयरलाइन मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से परिचालन करती है, जो उसका होम बेस है।
इन विमानों के शामिल होने से FLY91 के बेड़े की कुल संख्या बढ़कर छह हो जाएगी। यह विस्तार एयरलाइन की उस रणनीति के अनुरूप है, जिसके तहत भारत के टियर-2 और टियर-3 शहरों के बीच संपर्क को और मजबूत किया जा रहा है। साथ ही, गोवा में परिचालन का दायरा बढ़ाने और लोकप्रिय तटीय पर्यटन स्थल तक यात्रियों के लिए यात्रा विकल्पों में इजाफा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

EDC Financial Assistance ad A4 Magazine ad - PRINT - 16 july_page-0001

इस अवसर पर FLY91 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक मनोज चाको ने कहा, “यह समझौता संतुलित और योजनाबद्ध विकास के माध्यम से एक मजबूत एवं विस्तार योग्य क्षेत्रीय एयरलाइन बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। ATR 72-600 हमारी परिचालन सोच का एक अहम हिस्सा है, क्योंकि यह अल्प दूरी की क्षेत्रीय उड़ानों के लिए दक्षता, विश्वसनीयता और प्रदर्शन का उत्कृष्ट संतुलन प्रदान करता है। DAE के साथ एक बार फिर साझेदारी कर हम वित्तीय अनुशासन और पूंजी दक्षता बनाए रखते हुए अपने बेड़े का विस्तार कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि FLY91 ने इससे पहले भी DAE के माध्यम से अपने पहले दो विमान बेड़े में शामिल किए थे। ATR 72-600 विमान FLY91 की फ्लीट रणनीति की रीढ़ बना हुआ है। यह विमान सिद्ध टर्बोप्रॉप अर्थशास्त्र, कम दूरी में टेक-ऑफ और लैंडिंग की क्षमता तथा द्वितीयक और कम सेवायुक्त हवाई अड्डों पर परिचालन के लिए उपयुक्त प्रदर्शन प्रदान करता है।
मार्च 2024 में वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने के बाद से FLY91 ने लगातार अपने क्षेत्रीय नेटवर्क का विस्तार किया है। एयरलाइन गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सोलापुर, जलगांव और लक्षद्वीप द्वीपसमूह के अगत्ती जैसे गंतव्यों से जोड़ रही है।

इसके साथ ही FLY91 पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों के लिए भी हवाई संपर्क प्रदान कर रही है, वहीं सिंधुदुर्ग जैसे उभरते क्षेत्रीय केंद्रों को भी अपने नेटवर्क में शामिल कर रही है।’

 

Goa Samachar
Author: Goa Samachar

GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Digital Griot

और पढ़ें