

पोरवोरिम : मंत्रालय में 30 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत की अध्यक्षता में स्कूलों में कोडिंग एवं रोबोटिक्स शिक्षा को बढ़ावा देने वाली CARES (Coding & Robotics Education in Schools) योजना की छठी सशक्त समिति बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोवा के स्कूली शिक्षा तंत्र को तकनीक, नवाचार और परिणाम-आधारित सीखने के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में CARES योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि CARES योजना ने राज्य के स्कूलों में गणित और विज्ञान विषयों में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने में ठोस और मापनीय प्रभाव डाला है। PARAKH 2024 रिपोर्ट में भी CARES के सकारात्मक शैक्षणिक परिणामों की पुष्टि हुई है, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।
बैठक में CARES योजना को तकनीकी शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत अगले तीन वर्षों तक जारी रखने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही, PMU–CARESको सरकारी निगमों के अंतर्गत एक विशेष प्रयोजन वाहन (SPV) के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया, ताकि STEAM आधारित एड-टेक नवाचारों और समाधानों का व्यावसायीकरण किया जा सके।
इसके अलावा, योजना से जुड़े टीच फॉर गोवा फेलोज़, प्रशिक्षण अधिकारी और अनुसंधान एवं विकास अधिकारी के कार्यकाल को एक वर्ष के लिए बढ़ाने की स्वीकृति दी गई। CARES के अंतर्गत स्थापित आईसीटी प्रयोगशालाओं, सिंगल बोर्ड कंप्यूटर और वाई-फाई राउटर के सुचारू रखरखाव हेतु एक वर्ष की वार्षिक रखरखाव अनुबंध (AMC) को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में गोवा बजट 2025 की घोषणा के अनुरूप उत्कृष्टता केंद्र (Centres of Excellence) और Whiz Kid Learning Spaces की स्थापना के लिए रुचि अभिव्यक्ति (EoI) जारी करने का निर्णय लिया गया। प्रारंभिक चरण में राज्य के प्रत्येक जिले में एक-एक केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे छात्रों को उन्नत तकनीकी सीखने का अवसर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि CARES Goa – ओपन टेक डे’ का आयोजन किया जाएगा, जिसे एक टेक एक्सपो और हैकाथॉन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस मंच के माध्यम से छात्रों की नवाचार क्षमता, तकनीकी कौशल और उनके द्वारा विकसित समाधान प्रदर्शित किए जाएंगे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ बताया कि CARES योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित 54 छात्रों ने BEBRAS अंतरराष्ट्रीय कम्प्यूटेशनल थिंकिंग चैलेंज 2025 में देशभर के पाँच लाख से अधिक प्रतिभागियों के बीच टॉप 100 में स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इसे गोवा के लिए एक बड़ी उपलब्धि और गौरव का क्षण बताया।

इसके अतिरिक्त, PMU–CARES को राष्ट्रीय स्तर पर SKOCH गोल्ड अवॉर्ड और बेस्ट एंट्री अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि CARES योजना गोवा को भविष्य के लिए तैयार शिक्षा प्रणाली, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.











