काशीनाथ दामोदर नाइक – प्राइड ऑफ गोवा अवॉर्ड्स 2025
गोवा की आर्थिक राजधानी मारगांव के गोमंत विद्या निकेतन में पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन

मारगांव : गोवा के दो सितारों से सजी एक यादगार महफ़िल।
मंच पर दो ऐसे चमकते-दमकते सितारे , वे स्वयं और उनकी प्रेरक कहानियाँ। संघर्ष की दास्तानें, सफलता की मिसालें, कभी न हार मानने का जूनून और वह साहस जो ज़िंदगी के चुनौतियों के बाद भी इंसान को फिर खड़ा कर देता है। मानो जीवन को साफ़ संदेश हो—चुनौतियाँ हमारे हौसलों को नहीं तोड़ सकतीं। इसी जज़्बे के साथ दो जांबाज़ आगे बढ़ते रहे और सफलता के परचम लहराते गए। अंजू टिंबलो और सचिन लावंडे। वे और उनके शब्द- दर्शक दीर्घा में बैठे हर व्यक्ति के लिए सीख, प्रेरणा और आत्मविश्वास का स्रोत बन गए।
गोवा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (GCCI) और काशीनाथ दामोदर नाइक मेमोरियल ट्रस्ट (KDNMT) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘काशीनाथ दामोदर नाइक – प्राइड ऑफ गोवा अवॉर्ड्स 2025’ के तहत इस वर्ष भी गोवा के प्रतिष्ठित और विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इन पुरस्कारों का उद्देश्य उन गोवावासियों को सम्मान देना है, जिन्होंने अपने समर्पण, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता के माध्यम से गोवा सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
वर्ष 2025 के लिए दो श्रेणियों में पुरस्कारों की घोषणा की गई –
काशीनाथ दामोदर नाइक – प्राइड ऑफ गोवा: लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड


यह प्रतिष्ठित सम्मान अंजू टिंबलो, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ, फोमेंटो रिसॉर्ट्स एंड होटल्स प्रा. लि. को प्रदान किया गया। उन्हें गोवा के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के विकास और सशक्तिकरण में उनके दीर्घकालिक और प्रभावशाली योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अंजू टिंबलो एक प्रख्यात शिक्षाविद भी हैं। उन्होंने हायर सेकेंडरी आर्ट्स परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, लेडी श्रीराम कॉलेज से अर्थशास्त्र में टॉप किया और बाद में गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, बॉम्बे से कानून की पढ़ाई करते हुए दो स्वर्ण पदक हासिल किए। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने गोवा में लॉ शिक्षण से की और बाद में सामाजिक व सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। वे ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस (गोवा शाखा) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।


वे फोमेंटो एजुकेशन एंड चैरिटेबल सोसाइटीज़ की संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं, जिसके अंतर्गत गोवा यूनिवर्सिटी से संबद्ध गोवा कॉलेज ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड क्यूलिनरी एजुकेशन तथा गोवा बोर्ड से संबद्ध डोना लियोनोर मेमोरियल हाई स्कूल संचालित होते हैं।
1993 से वे फोमेंटो रिसॉर्ट्स एंड होटल्स प्रा. लि. की मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ हैं। उनके नेतृत्व में ताज सिदादे डी गोवा – हेरिटेज (1982) और ताज सिदादे डी गोवा – होराइजन (2020) विकसित हुए, जो मिलकर गोवा का सबसे बड़ा 500-की लक्ज़री हॉस्पिटैलिटी कॉम्प्लेक्स बनाते हैं। हाल ही में महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में अराक्विला नामक लक्ज़री रिसॉर्ट भी उनके नेतृत्व में शुरू किया गया है, जिसने इस क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा दी है।
संस्कृति, शिक्षा और सामुदायिक विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के तहत अंजू टिंबलो गोवन कला, संगीत, खानपान और परंपराओं को बढ़ावा देती रही हैं।
काशीनाथ दामोदर नाइक – प्राइड ऑफ गोवा: एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड
यह सम्मान सचिन लावंडे, प्रेसिडेंट एवं सीईओ, विस्टीऑन कॉर्पोरेशन (मिशिगन, अमेरिका) को प्रदान किया गया। उन्हें वैश्विक स्तर पर उनके असाधारण कारोबारी नेतृत्व और ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में गोवा का नाम रोशन करने के लिए सम्मानित किया गया।
तळेगाव में जन्मे सचिन लावंडे वर्तमान में फॉर्च्यून 500 कंपनी विस्टीऑन कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं और वर्ष 2015 से कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं। वे कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य भी हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में विस्टीऑन ऑटोमोटिव इनोवेशन में अग्रणी बनकर उभरी है और हाइब्रिड व बैटरी इलेक्ट्रिक पावरट्रेन समाधानों की दिशा में उद्योग का नेतृत्व कर रही है। जनरल मोटर्स, बीएमडब्ल्यू, हुंडई सहित कई वैश्विक ऑटोमोबाइल निर्माताओं के साथ कंपनी ने रिकॉर्ड स्तर का नया कारोबार हासिल किया है।
विस्टीऑन को ऑटोमोबाइल डिस्प्ले सिस्टम के डिजिटलीकरण और आधुनिक कार को तकनीक-आधारित अनुभव में बदलने के लिए भी जाना जाता है।
ऑक्सिलियम कॉन्वेंट, कारंजालेम के पूर्व छात्र श्री लावंडे ने एक मध्यमवर्गीय पृष्ठभूमि से निकलकर वैश्विक कॉर्पोरेट जगत में अपनी पहचान बनाई। विस्टीऑन से पहले उन्होंने हार्मन इंटरनेशनल में वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर कार्य किया। एम्बेडेड सिस्टम्स और सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में उनके पास दो दशकों से अधिक का अनुभव है और उनके नाम चार कम्युनिकेशन सॉफ्टवेयर पेटेंट दर्ज हैं। वे कॉग्नेक्स कॉर्पोरेशन के बोर्ड सदस्य भी हैं।
उन्होंने बॉम्बे यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन में स्नातक तथा साउदर्न इलिनोइस यूनिवर्सिटी, एडवर्ड्सविले से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री प्राप्त की है।
काशीनाथ दामोदर नाइक मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना स्वर्गीय काशीनाथ दामोदर नाइक की स्मृति और विरासत को सम्मान देने के लिए की गई थी। वे मारगाओ के प्रसिद्ध व्यवसायी, इतिहासकार और परोपकारी थे। ये पुरस्कार गोवा के उन व्यक्तित्वों को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित करने का प्रयास हैं, जिन्होंने सफल उद्यम स्थापित कर राज्य के आर्थिक विकास में योगदान दिया और गोवा को गौरवान्वित किया।
सम्मान जीसीसीआई प्रेजिडेंट प्रतिभा धोंड के हाथों संपन्न हुआ। अवधूत टिंबलो , श्रीनिवास डेम्पो , गौरीश धोंड , हर्षवर्धन भटकुली और कई अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
Author: Goa Samachar
GOA SAMACHAR (Newspaper in Rajbhasha ) is completely run by a team of woman and exemplifies Atamanirbhar Bharat, Swayampurna Goa and women-led development.











